फूड लिंक एफएंडबी होल्डिंग्स का 361 करोड़ रुपये का आईपीओ 26 नवंबर को खुलेगा
प्राइस बैंड 181-191 रुपये तय

POSTED BY : MRUNALI SAKPAL DATED ON : 23/11/2026 [8850212023] 📞
Mumbai [NHI] : लग्जरी फूड सर्विसेज कंपनी फूड लिंक एफएंडबी होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड अपने पहले आईपीओ के जरिये 361 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी का आईपीओ 26 नवंबर को निवेशकों के लिए खुलेगा। इसके लिए प्रति शेयर 181 से 191 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। सोमवार को जारी सार्वजनिक घोषणा के अनुसार, आईपीओ 30 नवंबर को बंद होगा, जबकि बड़े संस्थागत निवेशकों (एंकर इन्वेस्टर्स) के लिए बोली 25 नवंबर को लगाई जाएगी।
इस सार्वजनिक निर्गम में 192 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा मौजूदा शेयरधारक 88,35,382 इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) करेंगे, जिनकी कीमत 168.76 करोड़ रुपये है। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर आईपीओ का कुल आकार 360.76 करोड़ रुपये होगा। कंपनी रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) के मुताबिक, नए शेयर जारी कर जुटाई गई रकम का इस्तेमाल एक नया केंद्रीयकृत किचन और दो नए बैंक्वेट हॉल स्थापित करने में करेगी।
इसके अलावा, जुटाई गई रकम का एक हिस्सा अपनी महत्वपूर्ण सहायक कंपनी फूड लिंक ग्लोबल रेस्टोरेंट्स एंड कैटरिंग सर्विसेज एलएलसी में निवेश किया जाएगा। इस राशि से चार नए कैजुअल डाइनिंग रेस्तरां खोले जाएंगे। कंपनी इस रकम का इस्तेमाल अपने मौजूदा कर्ज के पुनर्भुगतान या समय से पहले भुगतान और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए भी करेगी।
फूड लिंक एफएंडबी होल्डिंग्स (इंडिया) लग्जरी फूड सर्विसेज क्षेत्र की कंपनी है, जो ग्राहकों को विशेष और चुनिंदा खानपान अनुभव उपलब्ध कराती है। इसके कारोबार में इवेंट्स के लिए कैटरिंग, कैजुअल डाइनिंग रेस्तरां, क्लाउड किचन, बैंक्वेट और एकीकृत फूड एंड बेवरेज सेवाएं शामिल हैं। कंपनी भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में इंडिया बिस्ट्रो, आर्ट ऑफ दम, चाइना बिस्ट्रो और ग्लोकल जैसे ब्रांड के तहत कई कैजुअल डाइनिंग रेस्तरां और क्लाउड किचन संचालित करती है।
इवेंट कैटरिंग कारोबार में कंपनी के ग्राहकों में हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स, जो पश्चिमी और दक्षिणी भारत में मैकडॉनल्ड्स का मास्टर फ्रेंचाइजी संचालक है, के अलावा जी एंटरटेनमेंट और ग्रीनप्लाई शामिल हैं। कंपनी के शेयरों की शेयर बाजार में लिस्टिंग तीन दिसंबर को होने की संभावना है। इस आईपीओ के लिए इक्विरस कैपिटल और जेएम फाइनेंशियल बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि एमयूएफजी इंटाइम इंडिया रजिस्ट्रार हैं।




