शाम-ए-अख्तरी’ में गूंजेंगी बेगम अख्तर की अमर ग़ज़लें
पद्मश्री डॉ. सोमा घोष देंगी संगीतमय श्रद्धांजलि

POSTED BY : MRUNALI SAKPAL DT. 14/07/2026 📞 8850212023

मुंबई, (RMN.IN)। भारतीय शास्त्रीय संगीत और ग़ज़ल प्रेमियों के लिए एक यादगार संगीतमय संध्या का आयोजन 18 जुलाई (शनिवार) को रात्रि 8:00 बजे से 10:00 बजे तक P. L. Deshpande Maharashtra Kala Academy, Ravindra Natya Mandir (Mini Theatre), प्रभादेवी, मुंबई में किया जा रहा है। यह विशेष कार्यक्रम ‘शाम-ए-अख्तरी’ महान ग़ज़ल सम्राज्ञी बेगम अख्तर की अमर संगीत विरासत को समर्पित है।
इस वार्षिक संगीतमय आयोजन का संचालन Madhu Murchhana की संस्थापक एवं प्रख्यात गायिका पद्मश्री डॉ. सोमा घोष करेंगी। डॉ. घोष अपनी सुमधुर और भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से बेगम अख्तर की कालजयी ग़ज़लों को स्वरांजलि अर्पित करेंगी। उनकी प्रस्तुति श्रोताओं को उस दौर की याद दिलाएगी, जब बेगम अख्तर की ग़ज़लें संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज करती थीं।
कार्यक्रम का एक और विशेष आकर्षण प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रोफेसर शुभांकर घोष द्वारा निर्मित बेगम अख्तर के जीवन, व्यक्तित्व और संगीत-साधना पर आधारित एक विशेष फिल्म का प्रदर्शन होगा। इस फिल्म के माध्यम से दर्शकों को बेगम अख्तर के संघर्ष, उनकी संगीत यात्रा और भारतीय ग़ज़ल गायकी में उनके अमूल्य योगदान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
‘शाम-ए-अख्तरी’ केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय ग़ज़ल परंपरा को नमन करने का एक भावपूर्ण प्रयास है। यह आयोजन नई पीढ़ी को बेगम अख्तर की समृद्ध संगीत विरासत से जोड़ने के साथ-साथ ग़ज़ल की शास्त्रीय गरिमा और उसकी सांगीतिक गहराई से भी परिचित कराएगा।
आयोजकों ने सभी संगीत प्रेमियों, ग़ज़ल रसिकों, कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े लोगों से आग्रह किया है कि वे इस विशेष संगीतमयी संध्या में सपरिवार उपस्थित होकर इस अविस्मरणीय अनुभव का हिस्सा बनें और बेगम अख्तर की अमर विरासत को सामूहिक स्वरांजलि अर्पित करें।
यह कार्यक्रम IOC (Indian Oil Corporation) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के टिकट BookMyShow पर उपलब्ध हैं।




